नईबाजार के समीप सड़क हादसे में कम्हरिया गांव के मृतक- जितेंद्र गुप्ता(फाइल फोटो)स्रोत परिजन
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के नईबाजार के पास शनिवार देर रात कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक राइस मिल में काम खत्म कर बाइक से ससुराल जा रहा था। घायल अवस्था में उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मांची थाना क्षेत्र के सुअरसोत निवासी रामदीहल के मुताबिक, उनका बेटा जितेंद्र (20) लसड़ा स्थित अनन्या राइस मिल में काम करता था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे काम खत्म कर वह बाइक से रायपुर थाना क्षेत्र के कम्हारी स्थित ससुराल जा रहा था। नईबाजार के पास पहुंचते ही अज्ञात कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल जितेंद्र को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। बताया गया कि जितेंद्र पिछले कुछ समय से ससुराल में ही रह रहा था। लसड़ा से ससुराल नजदीक होने के कारण वहीं से आना-जाना करता था। उसकी पत्नी गर्भवती थी। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर रविवार सुबह पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।