वंश वृद्धि और संतान के दीर्घायु के लिए रविवार को माताओं ने निर्जला जिउतिया व्रत रखा। शाम को व्रती माताओं ने चौक बनाकर बीच में काश (जूर) रखकर जीमूत वाहन की पूजा की और कथा का श्रवण किया। जिउतिया व्रत के मद्देनजर घाटों और सरोवरों पर काफी चहल पहल रही। बाजारों में भी भीड़ रही।
जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज स्थित रामसरोवर तालाब, चंडी तिराहा के समीप, हरदा बांबा मंदिर परिसर, दंडईत बाबा मंदिर परिसर, पन्नूगंज रोड स्थित रामजानकी मंदिर के पास, सिविल लाइंस रोड, बढ़ौली, कम्हारी सहित अन्य स्थानों पर व्रती महिलाओं ने समूह में पूजा की। माताओं ने वंश वृद्धि और संतान के दीर्घायु की कामना के साथ जिउतिया व्रत किया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जिउतिया व्रत की खास धूम रही।
कोमल पांडेय, पुष्पा सिंह, स्नेहलता पांडेय, नीति सिंह, उर्मिला, पार्वती, सुनीता पाठक, पूजा अग्रहरि, वंदना ने बताया कि जिउतिया व्रत वंश वृद्धि की कामना के साथ रखा जाता है। राबर्ट्सगंज नगर में सुबह से ही पूजा पाठ से संबंधित सामग्री और फल-फूल की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
उधर, चोपन नगर में भी माताओं ने नियमानुसार विधि विधान से व्रत रखकर अपने पुत्रों के लंबी आयु की कामना की। नगर के सोन नदी तट, हाइडिल कॉलोनी के शीतला घाट, मल्हिया टोला, चोपन गांव सिंदुरिया बर्दिया में भारी संख्या में व्रती महिलाओं ने पूजा की।