वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर शनिवार को चोपन बस स्टैंड के पास दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। बाइक सवार महिला और उसके नौ माह के बेटे को बेकाबू ट्रेलर ने रौंद दिया। महिला अपने पति, बहन और दो बच्चों के साथ राखी बांधने मायके जा रही थी। हादसे में अन्य तीनों को भी चोट आई है। उन्हें चोपन सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कैसे हुआ हादसा
डाला निवासी राजन (35) अपनी पत्नी कविता (30), पुत्र भोदुआ (9 माह), सोनू (03) और साली काजल (12) को लेकर बाइक से ससुराल रेडिया गांव जा रहा था। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। कविता अपने छोटे बेटे को गोद में लेकर बाइक पर पीछे बैठी थी। चोपन में मुख्य बाजार पार कर अग्रवाल मार्केट के पास पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी।
मां- बेटे को रौंदते हुए निकल गया चालक
कविता बच्चे समेत सड़क पर गिर गई। उन्हें रौंदते हुए ट्रेलर चालक तेज गति में वाहन लेकर फरार हो गया। पहिए के नीचे आने से मां-बेटे का शरीर कई टुकड़ों में बंट गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक चला रहा राजन, काजल और सोनू को भी गंभीर रूप से चोटिल हुए।