कोरोना कर्फ्यू में ढील मिलने के बाद बिजली विभाग की तरफ से भी बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। दो दिन में 500 से अधिक उपभोक्ताओं का बकायेदारी में बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। इससे उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है। लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वाले उपभोक्ताओं पर कार्रवाई की जा रही है।
बिजली विभाग के अनुसार जिले में करीब ढाई लाख गैर सरकारी बिजली उपभोक्ता हैं। इसमें महज एक लाख उपभोक्ता ही नियमित रूप से बिजली बिल जमा करते हैं। डेढ़ लाख उपभोक्ता लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं कर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित करते हुए विभाग की तरफ से कार्रवाई की जा रही है। बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता सर्वेश सिंह ने बताया कि कोरोना महामारी की चेन तोड़ने के लिए जारी कोरोना कर्फ्यू में बकायेदारों पर कार्रवाई नहीं की जा रही थी। दो दिन से विभागीय कर्मचारियों को लंबे समय से बिजली बिल जमा न करने वालों को चिह्नित करते हुए कनेक्शन काटने का निर्देश दिया गया है। पहले दिन नौ जून को 260 और दूसरे दिन बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर 290 उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काटा गया है। इन उपभोक्ताओं पर करीब एक करोड़ 10 लाख रुपये की बकायेदारी है। कहा कि जो व्यक्ति एक साल से अधिक समय से बिल जमा नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की जा रही है। यदि उपभोक्ता बिल जमा किए बगैर दोबारा कनेक्शन जोड़ते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।