होली के मौके पर जिले में कड़े इंतजामों के बावजूद मारपीट की कई घटनाएं हुई। कहीं होलिका विवाद को लेकर तो कहीं दारू पार्टी के दौरान लोगों में मारपीट हुई। जिला अस्पताल लोढ़ी में होलिका दहन की शाम से लेकर शनिवार की दोपहर तक अलग-अलग इलाकों से मारपीट में घायल और मेडिकल परीक्षण के लिए 40 से अधिक लोग पहुंचे। इससे इतर सीएचसी पर भी कई लोग इलाज और मेडिकल के लिए पहुंचे।
राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के रौप गांव में मुकेश बियार के रिश्तेदार पार्टी के लिए घर आए थे। जहां खेत में दारू की पार्टी चल रही थी। उसके भाई को रिश्तेदार व गांव के कुछ लोग मारने लगे। जब वह बचाने पहुंचा तो उसकी बूरी तरह से पिटाई कर दिया। जिससे सर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग किया है।
इसी तरह अंबेडकरनगर निवासी राजकुमार पांडेय ने पुलिस को बताया कि होली के मौके पर वह 12 बजे अपने दूसरे निवास इमिरती कालोनी राबर्ट्सगंज पर अंजना माता हनुमान मंदिर का वार्षिक श्रृंगार करने गया था। मंदिर के पास सामने स्थित विनय सिंह के घर का गंदा पानी मंदिर के पास आ रहा था। उन्हे गंदा पानी रोकने के लिए कहा गया तो उक्त विनय सिंह नशे की हालत में गाली देने लगा।
मना करने पर उसने अपने बेटे और घर की महिलाओं के साथ मिलकर बूरी तरह से पिटाई कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज किया है। इसी तरह होली के मौके पर राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के ही बिच्छी गांव में होली के मौके पर किसी बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें दोनाें पक्ष से चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष ने कोतवाली में तहरीर दी है।