सोनभद्र। सावन माह के मद्देनजर कांवड़ यात्रा वाले मार्ग पर सुरक्षा और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद जोरों पर है। यात्रा मार्ग पर ढाई सौ से अधिक मांस-मछली, अंडा की बिक्री को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्ग व मेला स्थल के आसपास स्थित खान-पान की सभी दुकानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट एप का विवरण भी प्रदर्शित करना होगा। इसके माध्यम से श्रद्धालु अपना फीडबैक दर्ज करा सकेंगे। सावन माह की शुरुआत बृहस्पतिवार से हो रही है। मिर्जापुर के बरियारघाट से गंगा जल और विजयगढ़ दुर्ग स्थित राम सागर तालाब से कांवड़ में जल लाकर जिले के शिवद्वार मंदिर सहित अन्य शिवालयों में हजारों श्रद्धालु भगवान शिव का अभिषेक करते हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आस्था में कोई खलल न पड़े, इसके मद्देनजर सुरक्षा और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर है। खाद्य सुरक्षा विभाग यात्रा मार्ग व मेला स्थल पर स्थित खान-पान की दुकानों का निरीक्षण कर साफ-सफाई बरतने की हिदायत दे रहा है। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान पर फूड कनेक्ट एप का विवरण प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने, खाद्य सामग्री को ढक कर रखने और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस, मछली, अंडा की दुकानों को भी बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। करीब ढाई सौ से अधिक दुकानों को पूरे सावन माह में बंद रखने को कहा गया है। विभाग औचक निरीक्षण कर इसकी निगरानी भी करेगा।