नेशनल हेल्थ सिस्टम रिसोर्सेज सेेंटर की टीम ने शनिवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल को पूर्व में मिली सुविधाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। साथ ही अस्पताल को मॉडल के रूप में विकसित करने को लेकर टीम के सदस्यों ने सीएमएस समेत अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। यहां पर मॉडल अस्पतालों जैसी सुविधा मुहैया कराने पर जोर दिया गया।
सुबह करीब पौने दस बजे जिला अस्पताल में नेशनल हेल्थ सिस्टम रिर्सोसेज सेेंटर नई दिल्ली के डॉ. हिमांशु भूषण के नेतृत्व में टीम पहुंची। सीएमएस के कक्ष में टीम के सदस्यों ने सीएमओ डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह और सीएमएस डॉ. आरबी गौतम से जिला अस्पताल में मौजूद संसाधनों, डॉक्टर, स्टाफ नर्स समेत अन्य कर्मचारियों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान डॉक्टरों एवं अन्य कर्मचारियों के कमी आदि की रिपोर्ट तैयार की। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे नेशनल हेल्थ सिस्टम रिर्सोसेज सेेंटर की टीम कलेक्ट्रेट जाकर डीएम के साथ बैठक कर जिला अस्पताल को मॉडल अस्पताल बनाने के योजना के बारे में जानकारी दी।
यहां से पुन: टीम जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचकर लेबर रूम, इमरजेंसी कक्ष, वार्ड आदि का निरीक्षण किया। समाचार लिखे जाने तक टीम अस्पताल में ही मौजूद थी। टीम के सदस्यों ने बताया कि दिल्ली जाकर मानकों के अनुरूप जिला अस्पताल को मॉडल बनाने के लिए रिपोर्ट स्वास्थ्य मंत्रालय को सौपी जाएगी। टीम में डॉ. प्रियंका शर्मा, डॉ. शालिनी सिंह अक्क्षिता सिंह, मनप्रीत कौर, अजीत सिंह शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान एसीएमओ डॉ. गणेश प्रसाद, डीके सिंह, आरएन सिंह आदि मौजूद रहे।