कम्हारडिह में महिलाओं को जागरुक करती एसआई शिवानी मिश्रा।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र/सलखन। जिले में मंगलवार को भी मिशन शक्ति के तहत जगह-जगह जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत सदर कोतवाली के कम्हारडीह गांव में कोतवाल व एंटी रोमियो प्रभारी ने कार्यक्रम के दौरान मौजूद महिलाओं व बालिकाओं को आत्म सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
कोतवाल अंजनी कुमार राय व एंटी रोमियो प्रभारी शिवानी मिश्रा ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं व बालिकाओं को ‘गुड टच व बैड टच’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। क़हा कि अगर कोई व्यक्ति परेशान करता है अथवा छींटाकशी करता है तो उसके बारे में तत्काल बेहिचक पुलिस को सूचना दें। ताकि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जा सके। इस दौरान ग्राम प्रधान महेंद्र यादव सहित काफी संख्या में महिलाएं व बालिकाएं उपस्थित रहीं।
उधर, गुरमा चौकी पुलिस ने मारकुंडी, मीना बाजार, केवटा व ओबरी में महिलाओं व बालिकाओं के साथ होने वाले अपराध पर रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान गुरमा चौकी प्रभारी अंजनी कुमार राय ने सरकार की तरफ से जारी टोल फ्री व हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1076, 112, 1098, 102, 108 के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रात हो अथवा दिन, जब भी महिलाओ, बच्चों या अन्य किसी के साथ कोई घटना घटती है तो तुरंत टोल फ्री व हेल्प लाइन नंबर पर जानकारी दें। ताकि पुलिस समय से मौके पर पहुंच कर मदद कर सके।