सोनभद्र जिले में चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के पतगड़ी टोला में खौफनाक घटना सामने आई। यहां जंगल में एक लापता किशोर का सिर पेड़ से लटकता मिला, जबकि गर्दन के नीचे का हिस्सा गायब था।
सोनभद्र जिले में चोपन थाना क्षेत्र के कोटा ग्राम पंचायत के पतगड़ी टोला स्थित जंगल में मंगलवार को एक किशोर का सिर तेंदू के पेड़ से बेल्ट के सहारे लटका मिला। गर्दन के नीचे का हिस्सा गायब था। किशोर गत 19 जनवरी से लापता था। उसकी गुमशुदगी भी दर्ज थी। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
वाराणसी-शक्तिनगर राज्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर जंगल में मंगलवार को ग्रामीणों ने पेड़ से लटकता शव देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि शव का अधिकांश हिस्सा गायब है और केवल सिर, कुछ कपड़े तथा थोड़ी दूरी पर हड्डियां पड़ी हैं। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय तक जंगल में पड़े रहने के कारण जंगली जानवरों ने शव को नोच डाला।
ग्रामीणों की सूचना पर चोपन थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र पुलिस टीम व फोरेंसिक दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव के सिर, कपड़े और अन्य अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके पर मिले कपड़ों और शरीर के आधार पर मृतक की पहचान जवारी डांड कोटा निवासी मंगल प्रसाद (16) पुत्र रामबिलास के रूप में उसके बड़े भाई रवि ने की।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार मंगल प्रसाद 19 जनवरी को घर से नाराज होकर चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर चोपन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव लगभग 20 से 25 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। लंबे समय तक जंगल में रहने के कारण जंगली जानवरों ने शरीर के अधिकांश हिस्से को खा लिया होगा। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु के कारण स्पष्ट होगा।