विंढमगंज थाना क्षेत्र के डूमरा गांव में शुक्रवार की दोपहर लापता वृद्धा का शव मलिया नदी में उतराया मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। शिनाख्त के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
डूमरा गांव निवासी कबूतरी देवी (60) पत्नी रामलखन भुइंया बृहस्पतिवार की दोपहर में किसी काम से बाहर निकली थी। देर शाम तक नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। शुक्रवार को दोपहर में मलिया नदी में कुछ लोगों ने एक महिला का शव देख इसकी जानकारी ग्राम प्रधान रामनाथ को दी। ग्राम प्रधान के साथ मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान कबूतरी देवी के रूप में की। मौके पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।