सोनभद्र। जिले में नाबालिगों के वाहन संचालन और अवैध ऑटो-ई-रिक्शा संचालन पर ट्रैफिक पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक ई-रिक्शा को सीज किया गया, जबकि 75 ऑटो और ई-रिक्शा के चालान काटे गए।
सीओ ट्रैफिक राज सोनकर के पर्यवेक्षण में चले अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने बढ़ौली चौराहा, धर्मशाला सहित अन्य स्थानों पर जांच की। बिना वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे ऑटो और ई-रिक्शा पर कार्रवाई करते हुए 01 नाबालिग चालक का ई-रिक्शा मौके पर सीज कर दिया गया। बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस, पंजीकरण, फिटनेस और बीमा वाले 75 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए चालान किया गया। पुलिस ने बताया कि बड़ी संख्या में वाहन चालक बिना दस्तावेजों के सड़कों पर वाहन चला रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। नाबालिग चालकों के वाहन चलाने से आम जनता की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। इस अभियान के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उल्लंघन करने वालों पर सीधी कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो