मध्यप्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को सिंगरौली भ्रमण के दौरान एनटीपीसी विंध्याचल के पांचवें चरण की 500 मेगावाट की इकाई का भ्रमण किया। उन्होंने बिजली उत्पादन की प्रक्रिया में रुचि दिखाई तथा बॉयलर एवं टर्बाइन के में बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने एनटीपीसी विंध्याचल के युवा अभियंताओं के कार्य कुशलता की प्रशंसा की। इस दौरान सांसद सीधी- सिंगरौली रीती पाठक, विधायक सिंगरौली रामलल्लू वैश्य, विधायक देवसर सुभाष राम चरित्र, विधायक चितरंगी अमर सिंह, डीएम राजीव रंजन मीना एवं पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र कुमार सिंह मौजूद रहे। मंत्री को एनटीपीसी विंध्याचल के महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) सोमेस बंदोपाध्याय एवं अन्य महाप्रबंधकों ने उत्पादन से संबंधित प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। इससे पूर्व सूर्या भवन अतिथि गृह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) उत्तम लाल एवं अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) स्नेहाशिश भट्टाचार्य ने मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह का स्वागत पारंपरिक तरीके से अंग वस्त्र तथा श्रीफल देकर किया। इस अवसर पर अन्य अतिथियों का भी पुष्पगुच्छ प्रदान कर अभिनंदन किया गया। मंत्री ने सूर्या भवन अतिथि गृह के प्रांगण में पर्यावरण के प्रति अपनी वचनबद्धता स्वरूप पौधरोपण भी किया।