सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी गांव में स्थित खनिज विभाग के प्रवर्तन कार्यालय से गिट्टी लदे ट्रक के गायब होने से खनन कर्मियों में हड़कंप मच गया है। पिछले सप्ताह चेकिंग के दौरान चोरी-छिपे गिट्टी का परिवहन करने के आरोप में ट्रक को पकड़ कर खड़ा कराया गया था। बुधवार को खनिज मोहर्रिर सुमित श्रीवास्तव ने घटना की तहरीर दी।
जानकारी के अनुुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के लोढ़ी गांव में स्थित टोल प्लाजा के पास 18 नवंबर को खनिज मोहर्रिर राम सजीवन दूबे और ब्रम्हानंद तिवारी उपखनिजों के अवैध परिवहन के संबंध में जांच कर रहे थे। इस दौरान खनन कर्मियों ने एक गिट्टी लदे ट्रक को रोक कर चालक से परिवहन के संबंध में कागजात मांगा तो वह नहीं दिखा सका। उक्त वाहन को डीएम के आदेश पर खनिज विभाग के प्रवर्तन कार्यालय पर खड़ा करा दिया गया था। 20 नवंबर को खनिज मोहर्रिर ने प्रवर्तन कार्यालय पर अवैध परिवहन एवं निर्धारित मात्रा से अधिक उपखनिज परिवहन के मामले में खड़े कराए गए वाहनों का मिलान कराया तो पता चला कि बिना प्रपत्र के गिट्टी का परिवहन करते पकड़ा गया ट्रक नहीं है। खनन कर्मियों ने ट्रक मालिक और चालक से संपर्क कर ट्रक मंगवाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
खनिज मोहर्रिर सुमित श्रीवास्तव ने गिट्टी लदे ट्रक के गायब होने की सूचना उच्चाधिकारियों को देने के साथ ही पुलिस को ट्रक मालिक और चालक के विरूद्घ तहरीर दे दी है। इस संबंध में खनन सर्वेक्षक जीके दत्ता ने गिट्टी लदे ट्रक के गायब होने के बारे में पुलिस को तहरीर दिए जाने की पुष्टि की।