सोनभद्र। अधिकारियों की मिलीभगत से बिल्ली-मारकुंडी खनन क्षेत्र में कुछ लोग पट्टे की जमीन पर खनन करा रहे हैं। यह मामला प्रशासन के संज्ञान में पहुंच गया है। दो पट्टेधारकों ने शपथ पत्र के साथ खनन कराने वालों के खिलाफ शिकायती पत्र सौंपा है। आरोप है कि जबरदस्ती उनके जमीन में खनन किया जा रहा है। एडीएम ने मामले में की जांच शुरू कर दी है।
ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली-मारकुंडी गांव निवासी राजकुमार और राजबहादुर ने एडीएम को शिकायती पत्र सौंप कर मदद की गुहार लगाई है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनको गांव में पट्टे पर जमीन मिली है। उनकी जमीन पर एक व्यक्ति की नजर पड़ गई, क्योंकि नीचे पत्थर है। एक व्यक्ति ने बगैर उनसे और अन्य काश्तकारों से सहमति लिए उनकी जमीन में खनन कार्य शुरू करा दिया है। इसकी जानकारी होने पर उन लोगों ने खनन कराने वाले व्यक्ति से मुलाकात कर कार्य को बंद कराने के लिए कहा तो वह गाली-गलौज करते हुए विवाद करने पर उतारू हो गया है। उनका कहना है कि जालसाजी कर उनकी जमीन हड़प ली गई है। अपर जिलाधिकारी योगेेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा बिल्ली-मारकुंडी में पट्टे की जमीन पर खनन कार्य कराने की शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के दौरान शिकायकर्ताओं द्वारा लगाए गए आरोप सही मिले तो खनन कार्य कराने वाले के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।