चोपन। जुगैल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत गोठानी के टोला चनौली में सोमवार की देर शाम कुएं में गिरकर एक अधेड़ की मौत हो गई। काफी प्रयास के बाद शव को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
चंदौली के बबुरी थाना अंतर्गत सुंदर वन निवासी बलवंत यादव (54) सोमवार को कृषि कार्य के लिए मजदूरों को लेने के लिए चनौली आए थे। गांव में ही मौजूद एक कुएं की जगत पर बैठे हुए थे। अचानक कुएं में गिर गए। आसपास मौजूद बच्चों ने देखकर शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जुगैल पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाल कर अपने कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।