सोनभद्र। कड़क धूप के साथ उमस व भीषण गर्मी से जनजीवन बेहाल है। करीब एक सप्ताह से लगातार तापमान में वृद्धि देखने को मिल रही है। बृहस्पतिवार को पारा 42.5 डिग्री सेल्सियश दर्ज किया गया। भीड़ से गुलजार रहने वाले नगरीय क्षेत्र की सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा छाया रहा। धूप से बचने के लिए लोगों ने घर व दुकान के अंदर ही रहने में भलाई समझी।
जिले में सूरज की तीव्र किरणें पिछले कई दिनों से कहर ढा रही हैं। बृहस्पतिवार को भी सुबह से भीषण गर्मी से लोग परेशान रहे। सुबह नौ बजे ही चिलचिलाती धूप व उमस ने लोगों के छक्के छुड़ा दिए। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। राबर्ट्सगंज नगर में लोग गर्मी से राहत के लिए फल के जूस, लस्सी सहित अन्य ठंडे पेय पदार्थों से खुद को राहत देते नजर आए। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री व न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार मौसम के इस रुख के कारण लोग बीमार पड़ रहे हैं। उधर, पेयजल किल्लत से जूझते इलाकों में समस्या बढ़ गई है। पानी के लिए लोग सरकारी व्यवस्था के अलावा निजी स्तर से भी टैंकर के पानी का इंतजाम करने में लगे हैं।
गर्मी में बेजुबानों का बुरा हाल
इंसान तो किसी तरह धूप से बच ले रहे हैं, लेकिन बेजुबान पशुओं का बुरा हाल है। आश्रय स्थल में रखे पशुओं को धीखी धूप और लू के थपेड़ों की मार सहनी पड़ रही है। कई जगह उनके लिए छाया और पर्याप्त पानी का इंतजाम नहीं है। शेड के नीचे खड़े पशुओं को भी गर्म हवा झेलनी पड़ रही है।