अनपरा। ऊर्जांचल जन कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव सिंह गोंड को ज्ञापन सौंपा। उनसे हाईवे पर जाम, प्रदूषण, ओवरलोडिंग परिवहन रोकने, हाईवे के चौड़ीकरण सहित अन्य समस्याओं पर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऊर्जांचल में कोल व राख परिवहन के लिए वाहनों की संख्या बढ़ी है। कोल व राख का ओवरलोड परिवहन किया जा रहा है। इस कारण हाईवे पर गड्ढे भी बढ़े हैं। आए दिन लगने वाले जाम के कारण शक्तिनगर से हाथीनाला का सफर 10 से 15 घंटे का हो गया है। जाम के कारण एंबुलेंस को भी निकलने में परेशानी हो रही है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि औड़ी से लेकर हाईवे का चौड़ीकरण शीघ्र प्रारंभ किया जाए और जब तक सड़क का चौड़ीकरण पूर्ण न हो जाए तब तक राख का परिवहन इस रूट से बंद कर दिया जाए। हाईवे के गड्ढों को भरने के साथ पटरी की मरम्मत कराने, औड़ी-रेणुकूट और हाथीनाला के बीच तीन क्रेन उपलब्ध कराने की भी मांग रखी। राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने कहा कि यह समस्या संज्ञान में है। डीएम-एसपी को निर्देशित किया गया है कि वह ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करें। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी हाथीनाला से औड़ी तक फोरलेन पर चर्चा के लिए मीटिंग के लिए समय मांगा गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इस समस्या के निस्तारण के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। एनटीपीसी सहित अन्य विद्युत घरों के प्रबंधकों को निर्देशित कर दिया गया है कि वह अपने यहां से वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक राख या कोयले का परिवहन न होने दें। एएसपी कालू सिंह ने बताया कि इस समस्या के निस्तारण के लिए एक्शन प्लान बनाया गया है। आरटीओ विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि वह क्षमता से अधिक वाहनों का संचालन न होने दें। इस दौरान ऊर्जांचल जनकल्याण समिति के अध्यक्ष आरडी सिंह, सचिव केसी जैन, जगदीश बैसवार, ओपी मालवीय, आरजी खंडेलवाल, अतुल शाह आदि मौजूद रहे।