तेलगुड़वा से लेकर कोन तक की रोड बनाओ संघर्ष समिति के लोगों ने मंगलवार को नवागत डीएम बद्रीनाथ सिंह को ज्ञापन सौंपकर तेलगुड़वा से लेकर कोन तक की रोड निर्माण कराए जाने की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से वक्ताओं ने बताया कि 13 वर्षों से यह सड़क नहीं बनी है। इस मार्ग से लाखों लोगों का आवागमन होता है। बताया कि यह मार्ग लगभग 35 किमी लंबी है। इसमें से पांच से सात किमी सड़क बन चुकी है। लगभग 25 से 27 किमी लंबा मार्ग बनना बाकी है। बताया कि यह रोड जब तक नहीं बनेगी तब तक रोड बनाओ संघर्ष समिति का संघर्ष जारी रहेगा।
सात जुलाई को प्रथम चरण में तेलगुड़वा और 14 जुलाई को कोन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इसमें सैकड़ों लोगों ने अपना हस्ताक्षर किया है। सभी ने तत्काल बजट देकर संपर्क मार्ग का निर्माण कराए जाने की मांग की। इस मौके पर आनंद पटेल दयालू, अंजनी पटेल, महताब आलम, विनोद यादव, संतोष कनौजिया, विकास कुमार गोंड आदि शामिल रहे।