ग्राम रोजगार सेवकों के लंबित मानदेय और मनरेगा में कथित अनियमितताओं को लेकर समाजवादी लोहिया वाहिनी ने बृहस्पतिवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रीय सचिव विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने 10-12 माह से बकाया मानदेय के शीघ्र भुगतान, ईपीएफ राशि को यूएएन खातों में जमा कराने और पिछले पांच वर्षों में प्रशासनिक मद के खर्च की उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि ब्लॉक स्तर पर मनरेगा सेल में तैनात एपीओ, लेखा सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर वर्षों से जमे हैं, जिससे भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताएं बढ़ रही हैं। विवेक सिंह पटेल ने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कई ग्राम रोजगार सेवक बदहाल जीवन जी रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भुगतान में देरी और विभागीय लापरवाही के चलते कई लोग गंभीर बीमारियों का इलाज तक नहीं करा पा रहे। चेतावनी दी कि समस्याओं का जल्द समाधान न होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान गीता गौर, कृष्ण यादव, सुशील कुमार आदि मौजूद रहे।