सोनभद्र। ग्राम पंचायत जुगैल टोला पुरानडीह निवासी आदिवासी युवक लल्लू राम खरवार (36) की मौत की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को डीएम व एसपी को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने युवक की मौत को हत्या बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
युवक के पिता देवनाथ खरवार ने आरोप लगाया कि उनके इकलौते पुत्र लल्लू राम खरवार की हत्या उसकी पत्नी समेत कुछ अन्य लोगों ने की और शव को चोपन रेलवे ब्रिज के नीचे नदी में फेंक दिया। यह घटना 1 जनवरी को सामने आई थी, जब लल्लू राम का शव नदी में मिला था। देवनाथ खरवार ने बताया कि घटना की जानकारी देने के बावजूद अब तक न तो किसी स्तर पर जांच हुई और न ही कोई पुलिसकर्मी या चौकीदार मौके पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि कई बार पत्र देने के बावजूद प्रशासन की चुप्पी दुखद । एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में इंटक के जिलाध्यक्ष हरदेवनारायण तिवारी, जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी, शमीम अख्तर खान, दूधनाथ खरवार, भैया राम खरवार और पन्नालाल बीडीसी शामिल रहे।