उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के नवनियुक्त निदेशक इं. सुबीर चक्रवर्ती ने मंगलवार को निर्माणाधीन 1320 मेगावाट क्षमता की ओबरा सी तापीय परियोजना का दौरा कर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। साथ ही निर्माण कार्य कर रही कंपनी मेसर्स दूसान पावर तथा ओबरा सी तापीय परियोजना के जिम्मेदार अधिकारियों के साथ देर शाम बैठक कर मंत्रणा की। वहीं नवनियुक्त निदेशक का वीआईपी गेस्ट हाउस में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद अभियंता संघ ओबरा के क्षेत्रीय सचिव इं.अदालत वर्मा के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधि मंडल ने स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा तीन सूत्री मांगपत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। निदेशक ने जरूरी कार्रवाई का भरोसा देते हुए बताया कि उत्पादन निगम में नए पदों के सृजन जल्द से जल्द कराने का प्रयास मुख्यालय स्तर से किया जा रहा है। सीबीएसई इंटरमीडिएट कॉलेज खोले जाने के साथ ही ओबरा चिकित्सालय में चिकित्सकों की कमी के संबंध में निदेशक को अवगत कराया। निदेशक ने कहा कि चिकित्सालय में पर्याप्त चिकित्सक एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाएगी। तापीय परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इं.एके सिंह, महाप्रबंधक इं. डीके मिश्र, ओबरा सी के महाप्रबंधक इं. कैलाश गुप्ता, अधीक्षण अभियंता इं. एके सेठ, इं.आरपी मल्ल, इं. अवधेश सिंह, इं. आलोक कुमार सिंह, इं. सन्नी गुप्ता, महेंद्र सिंह, इं. मकसूद अंसारी, इं. संजय महतो, इं. संजय शुक्ला आदि रहे।