शाहगंज क्षेत्र के खजुरी स्थित चौधरी गोविंद सिंह ग्राउंड पर चल रही राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का सातवां लीग मैच सोमवार को मेरठ व मुगलसराय रेलवे के बीच खेला गया। रोमांचक मैच को मेरठ ने तीन रनों से जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
मेरठ टीम के कप्तान तनुज त्रिपाठी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट खोकर 142 रन बनाया। तनुज त्रिपाठी ने 56 गेंद पर सात चौके एक छक्के की मदद से 62 रन, कुलदीप चौहान ने 47 रन, ऋषभ ने 22 रन बटोरे। वहीं मुगलसराय टीम से गेंदबाजी करते हुए गौरव, विनोद कुमार, दीपक जायसवाल, अजमत अली ने एक-एक विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुगलसराय रेलवे की टीम 20 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 139 रन ही बना सकी। मुगलसराय टीम से बल्लेबाजी करते हुए योगेश राणा ने 37 गेंद पर 5 चौके की मदद से 43 रन, सचिन ने 36 गेंद पर तीन चौके दो छक्के की मदद से 42 रन बनाए। मेरठ टीम से गेंदबाजी करते हुए कुलदीप चौहान, अजय यादव, सोनू कुशवाहा ने दो-दो विकेट हासिल किए। ऋषभ व लईस को एक-एक विकेट मिला। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अरुधेंद्र कुमार पटेल ने कुलदीप चौहान को दिया। टूर्नामेंट का अंतिम लीग मैच मंगलवार को चंडीगढ़ और गोरखपुर के बीच खेला जाएगा। इस मैच के निर्णायक अंपायर नारायण सोनी व खुर्शीद हाशमी रहे। कमेंट्री अमृत गुप्ता, स्कोरिंग नीलेश विश्वकर्मा व डिजिटल स्कोरिंग कासीम हाशमी ने किया। इस मौके पर भाजपा नेता माला चौबे, सुनील श्रीवास्तव, इरसान खान, अमन खान, सुरेश सिंह, मुन्ना हाशमी, नीतीश पटेल, आनंद आदि रहे।