नगर पंचायत कार्यालय पर सोमवार सुबह 10 बजे खाली पड़े वार्ड नंबर 2 के सभासद पद के लिए मीना देवी को निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इन्हें नगर पंचायत अध्यक्ष इम्तियाज अहमद ने शपथ दिलाई। इसके बाद बोर्ड की बैठक हुई और नगर के विकास का खाका तैयार किया गया। इसके लिए सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए।
अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि नगर में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए एक 400 केवीए का ट्राली ट्रांसफार्मर, 250 केवीए का दो और 25 केवीए का एक ट्रांसफार्मर स्वीकृत किया गया। सोन नदी के घाट का निर्माण और नदी के किनारे पार्क की स्वीकृति, काली मंदिर पार्क में बच्चों के खेलने की सामग्री, वृक्षारोपण और सुंदरीकरण का प्रस्ताव पारित किया गया।
नगर के विभिन्न वार्डों में सड़कों, नालियों का निर्माण कवर्ड सहित करने का प्रस्ताव, नगर में दो स्थानों पर चोपन बैरियर हनुमान मंदिर और शीतला मंदिर के पास आरओ सिस्टम से जलापूर्ति करने का प्रस्ताव पारित किया गया। छठ घाट के स्थल पर एक हाई माक्स स्ट्रीट लाइट और छठ घाट के विस्तारीकरण का प्रस्ताव, जलापूर्ति के लिए नगर के प्रत्येक वार्डों में इंडिया मार्का हैंडपंप का प्रतिस्थापन और रिबोर कराने का प्रस्ताव, नगर के हाइडिल कालोनी में सोन नदी के किनारे श्मशान घाट के निर्माण का प्रस्ताव पारित किया गया। इस मौके पर दिनेश गर्ग, कुशल सिंह, लक्ष्मी श्रीवास्तव, सुशीला देवी, महेंद्र केशरी, गोपाल, रूपा देवी, सुनीता सिंह मौजूद रहीं।