घोरावल में अस्पतालों की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य टीम। - स्रोत जागरूक पाठक
सोनभद्र। घोरावल क्षेत्र में अवैध और नियमों की अनदेखी कर अस्पताल संचालन की शिकायत पर स्वास्थ्य महकमे की टीम ने शुक्रवार को छापेमारी की। नोडल अधिकारी प्राइवेट हॉस्पिटल पंजीयन डॉ. जीएस यादव की अगुवाई में हुई छापेमारी में घोरावल स्थित आनंद हॉस्पिटल और हेल्थ केयर हॉस्पिटल का संचालन अवैध पाया गया।
दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी करते हुए एक अस्पताल और एक की ओटी सील कर दी गई।
टीम सबसे पहले सब्जी मंडी के पास स्थित आनंद हॉस्पिटल पहुंची। जांच में पाया गया कि अस्पताल का संचालन बगैर पंजीयन के ही किया जा रहा है, जबकि उस पर टंगे बोर्ड में कई गंभीर मर्ज के उपचार का दावा भी किया गया था। यहां जो मरीज मिले, उन्हें दूसरी जगह शिफ्ट कर अस्पताल को सील कर दिया गया। यहां से टीम हेल्थ केयर हॉस्पिटल पहुंची। बीएएमएस डिग्री धारक डॉक्टर यहां मौजूद मिलीं लेकिन अस्पताल का पंजीयन नहीं पाया गया। एक मरीज भी भर्ती थी, जो तत्काल दूसरी जगह शिफ्ट करने की स्थिति में नहीं थी। इसको देखते हुए ओटी सील कर दी। दोनों अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया।
एसीएमओ डाॅ. जीएस यादव ने बताया कि तीन के भीतर संतोषजनक जवाब न मिलने पर कड़ी कार्रवाई के लिए चेताया गया है।