ओबरा। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से टीबी की अत्याधुनिक जांच के लिए मिली मेडिकल मोबाइल वैन के जरिए जांच सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। बुधवार को जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ.वीके अग्रवाल के निर्देशन में मेडिकल वैन ओबरा नगर के वीआईपी रोड पर 16 लोगों के टीबी जांच के लिए सैंपल एकत्रित किए। चोपन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ.आरएन सिंह ने बताया कि मेडिकल मोबाइल वैन में लगी अत्याधुनिक मशीन से दो घंटे में टीबी जांच हो जाती है। जांच के उपरांत जिन मरीजों में टीबी पाया जाता है, उनकी तत्काल निशुल्क इलाज प्रारंभ कर दी जाती हैं। इसके अतिरिक्त निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत इलाज के दौरान पौष्टिक आहार के लिए 500 रुपये प्रतिमाह दिया जाता है। बताया कि जिन लोगों में दो सप्ताह या अधिक समय से खांसी आना, भूख कम लगना, शाम को बढ़ने वाला बुखार, वजन का कम होना आदि लक्षण हैं तो वे अपनी जांच अवश्य कराएं। ताकि समय पर इलाज किया जा सके। उधर नगर के कोविड कंटेंटमेंट जोन सेक्टर 09 में बुधवार को जिला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोविड-19 जांच के लिए 35 लोगों के सैंपल इकट्ठे किये, जिसे जांच के लिए बीएचयू भेजा जाएगा। जांच टीम में डॉ.आलोक सहाय, विजयशील सिंह, अरुण सोनकर, सूर्यप्रताप आदि शामिल रहे।