सब कुछ ठीकठाक रहा तो महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ का शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी कैंपस जल्द ही अपनी अलग पहचान बनाएगा।
मंगलवार की सुबह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओंकार केशरी के आवास पर अनौपचारिक मुलाकात में विद्यापीठ के कुलपति डा. पृथ्वीश नाग ने कहा कि यहां मेडिकल कालेज की स्थापना को लेकर पहल पहले से चल रही है। यह जल्द से जल्द मूर्त रूप ले, इसको लेकर कवायद और तेज की जाएगी।
शक्तिनगर कैंपस को लेकर एनटीपीसी सिंगरौली से हुए अनुबंध का उल्लेख करते हुए कहा कि एनटीपीसी प्रबंधन सहयोग करें तो यहां मेडिकल कालेज के साथ ही वह अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराने का पूरा-पूरा प्रयास करेंगे।
कहा कि कैंपस में प्रबंधन समझौते के मुताबिक जमीन उपलब्ध करा दे, विश्वविद्यालय की ओर से भवन का निर्माण कर कक्ष संचालन शुरू करवा दिया जाएगा।
इससे पूर्व उन्होंने शक्तिनगर में कैंपस की बेहतरी और सुविधाओं के लिए अध्यापकों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की। उधर, भाजपा नेता ओंकार केशरी ने बताया कि विश्वविद्यालय के शक्तिनगर परिसर को एमओयू के मुताबिक सुविधाए नहीं है, वह जल्द ही केंद्रीय बिजली मंत्री पीयूष गोयल से मिलकर आवश्यक पहल की मांग करेंगे, ताकि ऊर्जांचल शिक्षा के क्षेत्र में भी सिरमौर बना नजर आए।