जिलाधिकारी संजय कुमार ने आईआईटी प्रवेश परीक्षा में कामयाबी हासिल करने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों को मंगलवार को कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया।
अभिभावकों को अंगवस्त्रम् देकर माल्यार्पण भी किया। प्रतिभावान बच्चों की हौसला आफजाई भी डीएम ने की। उन्होंने अपेक्षा की कि बच्चे आईआईटी में प्रवेश के बाद कड़ी मेहनत करते हुए आईआईटी परीक्षा में उच्च स्तरीय रिजल्ट हासिल करते हुए अपने साथ ही अपने परिवार, जिला, प्रदेश और देश का नाम रौशन करें।
डीएम ने जिन बच्चों और उनके अभिभावकों को शामिल किया, उनमें राबर्ट्सगंज निवासी रौशन खान के पुत्र मुजम्मिल ने आईआईटी में 4879 रैंक हासिल किया है।
गौरव सिंह पुत्र यशवंत सिंह, निवासी मधुपुर का 3667 रैंक, अक्षय कुमार पुत्र मुरारी निवासी पड़वनिया का 1069 रैंक, प्रतिबिन्ध्य पांडेय पुत्र यज्ञनाथ देव पांडेय, निवासी बडग़वां का 7339 रैंक है।
इसी तरह से आलोक कुमार मौर्य पुत्र रामखुशी सिंह निवासी बहुअरा का 12017 रैंक रहा। इन सभी को डीएम ने सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि हर संभव आर्थिक मदद दी जाएगी, ताकि उच्च स्तरीय आईआईटी की पढ़ाई पूरे मनोयोग व सुगमता से कर सकें। साथ ही अच्छे प्रतिशतों के साथ कामयाबी हासिल कर देश की सेवा कर सकें। इस मौके पर एडीएम मनीलाल यादव, नेसार अहमद, चंद्र प्रकाश गिरि मौजूद रहे।