चौधरी गोविंद सिंह ग्राउंड पर चल रही 22वीं चौधरी गोविंद सिंह स्मृति राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा क्वार्टर फाइनल मऊ ने जीत लिया। रोमांचक मैच में मऊ ने गढ़वा को दो विकेट से हराया। जीत के साथ ही मऊ की टीम को सेमीफाइनल में प्रवेश मिल गया है। प्रतियोगिता का तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच शुक्रवार को मेरठ व शिवपुर वाराणसी के बीच खेला जाएगा।
मुख्य अतिथि भारत भूमि ग्रुप के डायरेक्टर शमशाद अहमद व नूरुद्दीन खां ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल की शुरुआत कराई। गढ़वा के कप्तान वीरेंद्र ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। पूरी टीम 18.5 ओवरों में 124 रनों पर सिमट गई। हर्ष सिंह ने 21 गेंद पर सात चौके 1 छक्के की मदद से 37 रन, आरएन पांडेय ने 17, अतुल चौबे 16, जसवंत ने 15 रन बनाए। मऊ के राहुल ने चार, नीरज व अमित ने दो-दो विकेट लिए। वीरेंद्र व शंभू को एक-एक विकेट हासिल हुआ। जवाब में खेलने उतरी मऊ की टीम ने 15.2 ओवर में 8 विकेट खोकर ही लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
मऊ के बल्लेबाज हेमंत ने 30 गेंद पर आठ चौके 2 छक्के की मदद से 51 रनों की पारी खेली। मोनू ने 25, नीरज ने 20 रन बनाए। गढ़वा के गेंदबाज प्रकाश यादव, अनन्य, ध्रुव मेहता ने दो-दो विकेट, अमन व मनदीप ने एक-एक विकेट हासिल किया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हेमंत को अध्यक्ष राजकुमार केसरी व संस्थापक सुरेश सिंह पटेल ने प्रदान किया। अंपायर सुरेश सिंह व नौशाद खान रहे। कमेंट्री अमृत गुप्ता ने स्कोरिंग नीलेश विश्वकर्मा डिजिटल स्कोरिंग कासिम हाशमी ने किया। माला चौबे, सुनील श्रीवास्तव, इरसान खान, हाजी अब्दुल हमीद, सुरेश सिंह पटेल, बबलू करंट, अजीत, प्रशांत केसरी, वकार बाबू आदि मौजूद रहे।