महापुरुषों की स्मृतियों को सहेजने और उनकी गौरवगाथाओं से लोगों को अवगत कराने के लिए उनके नाम पर स्मृति द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। इसी के तहत घोरावल ब्लॉक के खुटहां गांव में माता अहित्या बाई होल्कर स्मृति द्वार का निर्माण होगा। इस पर छह लाख रुपये खर्च होंगी। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
भारतीय इतिहास में माता अहिल्याबाई होल्कर का अहम योगदान रहा है। वाराणसी के काशी विश्वनाथ धाम के जीर्णोद्धार सहित कई प्रमुख धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का उन्होंने निर्माण कराया था। उनकी स्मृति में खुटहां गांव में सिरसाई रोड पर स्मृति द्वार का निर्माण कराने की मंजूरी मिली है।
यह कार्य विधायक निधि के माध्यम से होगा। इसके लिए 6.16 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। कार्यदाई संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग है। एक्सईएन इं.नूर आलम ने बताया कि इसके लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तीन माह के अंदर यह कार्य पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है।