सोनभद्र। 30 नवंबर से शुरू हो रहे शादी विवाह के सीजन में छह दिन ही लगन है। लगन के लिए राबर्ट्सगंज स्थित सभी होटल-लॉन पहले से बुक हो चुके हैं। लॉकडाउन के दौरान जिन लोगों ने शादियां टाल दी थीं, वह इस लगन में शादी कर रहे हैं। ऐसे मेें होटल व्यवसायियों को अच्छा व्यवसाय होने की उम्मीद है। राबर्ट्सगंज नगर के उत्तर मोहाल में अरिहंत होटल के संचालक पूर्व चेयरमैन विजय जैन का कहना है कि मार्च, अप्रैल एवं मई माह में पड़ने वाले लगन के दौरान जिन लोगों ने शादी-विवाह के लिए होटल की बुकिंग कराई थी, वे लोग लॉकडाउन की वजह से शादी नहीं कर सके। उन्होंने शादी की तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर, एक दिसंबर, आठ, नौ, ग्यारह और पंद्रह दिसंबर तय की है। इस लगन में नई बुकिंग नहीं हुई है। पिपरी रोड स्थित सूर्या इंटरनेशन होटल के संचालक दिलीप जायसवाल का कहना है कि जिला प्रशासन की तरफ से जारी गाइड लाइन के अनुसार नई बुकिंग की जा रही है। बुकिंग रेट नहीं बढ़ा है। होटल में सैनिटाइजर और थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था कराई जाएगी। सिविल लाइंस रोड स्थित होटल न्यू सवेरा के संचालक आकाश जायसवाल ने बताया कि शादी-विवाह के लिए बुकिंग पहले से ही हो चुकी है। इसके बाद खरमास शुरू हो जाएगा। मकर संक्रांति के बाद शुरू हो रहे लगन के लिए बुकिंग शुरू हो गई है।