विंढमगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुडीसेमर के खान टोला में मंगलवार की देर शाम विवाहिता अतिया इमान (32) का शव फंदे पर लटकता मिला। मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। मुडीसेमर के खान टोला निवासी रशीद खान उर्फ छोटे खान की पत्नी अतिया इमान का शव घर में पंखे की कुंडी के सहारे दुपट्टे से लटकता मिला।
ससुर मुजीब खान ने बताया कि बहू काफी समझदार और जिम्मेदार थी। वह घर-परिवार का ख्याल रखती थी। उसके किन कारणों से फंदा लगाया, समझ से परे है। उसके इस कदम से पूरा परिवार स्तब्ध है।
अतिया अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। वहीं विवाहिता के पिता झारखंड के पलामू निवासी आफताब ने थाने में दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या उसके ससुराल वालों ने की है।
उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी शेषनाथ पाल ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।