वैनी। मांची थाना क्षेत्र के महुली गांव में शुक्रवार की देर शाम विवाहिता ने संदिग्धावस्था में फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महुली गांव निवासी सुखवंती पत्नी अशोक अगरिया (24) शुक्रवार की शाम रोज की तरह खाना बनाकर अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद सास खाना परोसने के लिए उसे आवाज लगाने लगी तो काफी देर बाद भी कोई उत्तर नहीं मिला। इसके बाद जब वह कमरे में गई तो स्थिति देख दंग रह गईं। सुखवंती का शव साड़ी के फंदे से बड़ेर के सहारे झूल रहा था। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे। शव को फंदे से नीचे उतारा गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। विवाहिता के पति ने बताया कि वह किस कारण फांसी लगा ली पता नहीं। पांच वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उन्हें कोई संतान नहीं है।