शाहगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के ओइनी मिश्र गांव निवासी एक विवाहिता की मंगलवार को संदिग्ध हाल में मौत हो गई। एक साल पहले उसकी शादी हुई थी। विवाहिता के पिता ने तहरीर में ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत चार लोगाें पर केस दर्ज किया है।
शाहगंज थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि करमा थाना क्षेत्र के कन्हौरा गांव निवासी रामलाल की बेटी सुनीता (20) की शादी करीब एक साल पहले शाहगंज थाना क्षेत्र के ओइनी मिश्र गांव निवासी अनिल से हुई थी। मंगलवार को ससुराल में सुनीता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। विवाहिता के पिता रामलाल ने बताया कि घटना से करीब 10 दिन पूर्व बाहर कमाने जाने का बहाना बनाकर अनिल ने सुनीता को मायके छोड़ दिया। गत सोमवार की देर रात घर पहुंचा और सुनीता के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बाद में जबरन उसे लेकर अपने घर ले गया। मंगलवार की देर रात ससुराल में सुनीता के मौत की सूचना मिली। पिता का कहना है कि सुनीत के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। आरोप है कि दहेज के लिए ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटकाया है। मामले में पुलिस ने पिता की तहरीर पर ससुराल पक्ष के चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा दिया है।