सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने पति व ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस पति समेत चार केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
परासी पांडेय निवासी खुशबू मौर्या ने बताया कि उसका विवाह 3 मई 2022 को विनोद कुमार से हुआ था। शादी में माता-पिता ने दो लाख रुपये, बाइक, सोने की चेन-अंगूठी, घरेलू सामान, फर्नीचर सहित करीब दस लाख रुपये मूल्य का उपहार दिया था। इसके बावजूद पति विनोद कुमार, ससुर रामदयाल मौर्या, सास गुलाबी देवी और जेठ प्रदीप कुमार लगातार 1.50 लाख रुपये की मांग करते रहे। मांग पूरी न होने पर आए दिन उसे अपशब्द कहे जाते और मारपीट की जाती थी। कई बार समझौता भी हुआ, लेकिन व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। गत 3 अप्रैल की सुबह पति, सास, ससुर और जेठ ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा, बाल पकड़कर दीवार से दे मारा। पीड़िता ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू की है।
-