सोनभद्र। कोरोना महामारी के बीच सरकार ने दो पालियों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के स्कूलों के संचालन के संबंध में गाइड लाइन जारी कर दी गई है। विद्यालयों में बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रबंधकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्कूल संचालकों का कहना है कि दो पालियों में पढ़ाई के फरमान से वाहनों के जरिए बच्चों को स्कूल ले आने और ले जाने में दिक्कत होगी। उधर अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय में महामारी से बचाव केे लिए की गई व्यवस्था से संतुष्ट होने पर बच्चों को स्कूल भेजा जाएगा।
प्रकाश जीनियस इंटर कालेज के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद जैन ने बताया कि प्रशासन की तरफ से दो पालियों में विद्यालय संचालन के संबंध में गाइड लाइन मिल गई है। दोनों पाली में बच्चों की पचास प्रतिशत ही उपस्थिति होनी है। गाइड लाइन के अनुसार स्कूल खोलने की तैयारी चल रही है। उनका कहना है कि दो पाली में विद्यालय संचालन होने से सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली वाहनों से बच्चों को स्कूल ले आने और ले जाने में होगी। इस संबंध में जल्द ही अभिभावकों के साथ मीटिंग की जाएगी। संत भगवानानंद पब्लिक इंटर कालेज सलैया की प्रबंधक पूनम श्रीवास्तव ने कहा कि ज्यादात्तर अभिभावक स्कूल खोलने और सतर्कता बरतते हुए बच्चों को विद्यालय भेजने के पक्ष में है। प्रशासन के गाइडलाइन के अनुसार स्कूल संचालन की तैयारी चल रही है। वहीं अभिभावकों में कृष्णमुरारी गुप्ता और मक्खन अग्रवाल आदि का कहना है कि समाचार पत्रों के माध्यम से दो पालियों में स्कूल खोलने की जानकारी हुई है। महामारी से बचाव के लिए विद्यालय संचालकों की तरफ से क्या इंतजाम किए गए है। विद्यालय की व्यवस्था से संतुष्ट होने पर ही अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजेंगे।