घोरावल। घोरावल नगर में रविवार को शौचालय की सफाई के लिए चंदा मांगने के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद और मारपीट में एक युवक घायल हो गया। इस संबंध में एक ही परिवार के दो नामजद समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार घोरावल नगर के वार्ड नंबर एक इंदिरा आवास निवासी अरुण कुुुमार सोनी पुत्र मोहन लाल सोनी शौचालय की सफाई का काम करता है। उसने रविवार को तहरीर देकर बताया कि शौचालय की सफाई के लिए चंदा मांगा जा रहा था। उसी दौरान नगर के वार्ड नंबर 6 निवासी ज्वाला, किशन और उसका छोटा भाई और उनकी मां ने चंदा देने से इंकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कुछ कहासुनी व वाद विवाद हो गया। फिर देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। पुलिस ने घायल अरुण सोनी (38) का मेडिकल परीक्षण व उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में करवाया। चिकित्सकों के मुताबिक अरुण की आंख व पैर में चोट और सूजन आई। इस संबंध में अरुण की तहरीर पर आरोपी ज्वाला, किशन और उसके छोटे भाई अज्ञात, मां अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में उचित कार्रवाई की जा रही हे।