सोनभद्र/चोपन/शक्तिनगर। शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन देवी मंदिरों में भक्तों ने मां कुष्मांडा के साथ मां स्कंदमाता के स्वरूप का भी दर्शन पूजन किया। नारियल-चुनरी के साथ पीले फूल चढ़ाए। मां को मालपुए का भोग लगाया। देवी मंदिराें में सुबह से उमड़ी भीड़ देर शाम तक जुटी रही।
रॉबर्ट्सगंज नगर के दंडईत बाबा मंदिर परिसर स्थित दक्षिणेश्वर कॉली मंदिन में दूर दराज से आए भक्तों ने पूजन किया। गुफा मार्ग से होते हुए अन्य देवी-देवताओं के दर्शन किए। इसी तरह से प्राचीन शीतला मंदिर में सुबह से भक्तों की भीड़ जुटी रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस कर्मी जुटे रहे। पूरब मोहाल स्थित सातो शीतला मईया मंदिर, साईं चौक स्थित दुर्गा मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में दर्शन पूजन को भीड़ जुटी रहीं। ग्रामीण इलाकों में स्थित देवी मंदिरों में भी दर्शन पूजन का क्रम चल रहा है। डाला बाड़ी स्थित प्रसिद्ध वैष्णो माता मंदिर में भी दर्शन पूजन करने के लिए भक्तों की भीड़ जुटी रहीं। दूर दराज से आने वाले भक्तों की भीड़ काफी रहा। गुफा में पिंडी स्वरूप में विराजमान त्रिदेवियों का भक्तों ने दर्शन पूजन किया। भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। इसी तरह शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर प्रांगण में शारदीय नवरात्र के पंचमी तिथि पर स्कंदमाता स्वरूप के दर्शन पूजन के लिए भक्तों की भीड़ मंगला आरती के पश्चात लग गई। तीर्थ यात्री श्रद्धालुओं द्वारा माला फूल नारियल चुनरी लेकर मनोवांछित फल के लिए माता जी का दर्शन पूजन किया।मंदिर के पवित्र प्रांगण में तीर्थ पुरोहितों द्वारा दुर्गा सप्तशती का पाठ यजमानों के कल्याण के लिए किया जा रहा है एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराया जा रहा है।
चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता
सोनभद्र। एनटीपीसी विंध्याचल में दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने मां दुर्गा के मनमोहक चित्र एवं रंगोली बनाकर अपनी प्रतिभागिता निभाई। कार्यक्रम के अंत में पूजा समिति की ओर से विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।