शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बुधवार को थाना रॉबर्ट्सगंज में पीस कमेटी की बैठक हुई। सीओ सिटी रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में हुई बैठक में मूर्ति समितियों, रामलीला कमेटी और डीजे संचालकों के पदाधिकारी शामिल हुए।
सीओ ने सभी से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आयोजन किए जाएं। मूर्ति स्थापना और विसर्जन, रामलीला, डीजे संचालन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उन्होंने आयोजकों से किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क रहेगी। बैठक का उद्देश्य समितियों और आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। बैठक पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित की गई।