ओबरा। स्थानीय सीआईएसफ यूनिट ओबरा के कमांडेंट हृदय शंकर शर्मा के नेतृत्व में कोविड-19 से बचाव को लेकर ओबरा शिक्षा निकेतन में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान मौजूद छात्र-छात्राओं, अध्यापकों को कोरोना महामारी से बचाव को लेकर जागरूक किया गया।छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कमांडेंट श्री शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी से बचाव के लिए सभी को मास्क पहनना अति आवश्यक है। साथ ही अत्यधिक आवश्यकता पड़ने पर घर से निकलने की जरूरत है। कहा कि घर से निकलते समय सार्वजनिक स्थानों पर कम से कम दो मीटर की दूरी दूसरे व्यक्ति से रखना अति आवश्यक है। इस तरह के कार्य करके ही हम सभी कोरोना महामारी से बच सकते हैं। बताया कि हम सभी को अपने घर के आस-पास साफ सफाई रखते हुए पौष्टिक आहार व ताजे भोजन का सेवन करना चाहिए, जिससे हमारे शरीर की प्रतिरोधक क्षमता मजबूत हो सके। ताकि हम किसी भी तरह के संक्रमण के बचाव में सक्षम हो सकें। हम सभी को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे तक शारीरिक व्यायाम भी करना आवश्यक है। जिससे हमारी इम्यूनिटी पावर मजबूत हो सके। इसके पूर्व छात्र-छात्राओं में मास्क व सैनिटाइजर का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में उप कमांडेंट राजेंद्र ओडेड्रा, सहायक कमांडेंट आरपी सिंह, प्रधानाचार्य अनिल तिवारी, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रमोद चौबे, छात्र-छात्राएं, सी आई एस एफ इकाई के समस्त निरीक्षक तथा बल सदस्य मौजूद रहे।