दुद्धी। कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव के शाहपुर टोले में शुक्रवार की रात हुई युवक की हत्या का मुख्य आरोपी छोटू रवानी पुत्र मुन्ना रवानी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई टीमें भटक रही हैं। हालांकि पुलिस ने हत्या में शामिल चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
जाबर गांव निवासी धीरज कुमार 24 पुत्र कुंजबिहारी शुक्रवार रात गांव में ही आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शरीक होने गया था। देर रात कुछ लोगों ने शाहपुर में स्थित एक दुकान के बाहर रखी चौकी पर धीरज को अचेतावस्था में देखा। ग्रामीणों की मदद से घरवाले धीरज को लेकर सीएचसी दुद्वी गए जहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मृतक के पिता के कुंजबिहारी के तहरीर पर पुलिस ने 5 युवकों के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि हत्या के मामले मेें चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से घटना के संबंध में अहम जानकारी मिली है। कहा कि मुख्य आरोपी छोटू की पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।