सोनभद्र। जिले स्तर पर मदरसा शिक्षा परिषद (मदरसा बोर्ड) परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। परीक्षा कराने के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं। इसमें से एक केंद्र बालिकाओं के लिए बनाया गया है।
चारों केंद्रों पर फरवरी माह में परीक्षा होना प्रस्तावित है। कुल 204 परीक्षार्थी मदरसा बोर्ड के परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। परीक्षा सकुशल कराई जा सके इसके लिए सचल दस्ते का गठन एवं कक्ष निरीक्षकों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मुताबिक प्रकाश जीनियस सीनियर सेकेंडरी स्कूल राबर्ट्सगंज, आदित्य बिड़ला इंटर कॉलेज डाला, ज्ञानदीप उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीड़र दुद्धी और कादरिया गर्ल्स कॉलेज (निस्वा) मल्देवा दुद्धी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
इसमें से सर्वाधिक 137 बच्चे दुद्धी के बीड़र स्थित केंद्र पर परीक्षा देंगे। वहीं दुद्धी के ही मल्देवा स्थित केंद्र पर 38 परीक्षार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। यह परीक्षा केंद्र रजिस्ट्रार की तरफ से स्वककेन्द्र बनाया गया है, जहां बालिकाएं परीक्षा देंगी।
इस तरह से दुद्धी क्षेत्र में बने दोनों केंद्र पर सर्वाधिक 175 छात्र-छात्राएं मदरसा बोर्ड की परीक्षा देंगे। वहीं दूसरी तरफ जिला मुख्यालय सोनभद्र (राबर्ट्सगंज) स्थित प्रकाश जीनियस परीक्षा केंद्र में 17 तथा आदित्य बिड़ला इंका डाला में सबसे कम 12 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। इस संबंध में जिला अल्पसंख्यक अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा का कहना है कि मदरसा बोर्ड की परीक्षा फरवरी में प्रस्तावित है। इसके लिए चार केंद्र बनाए गए हैं। इसमें से एक केंद्र को बालिकाओं के लिए स्वकेंद्र बनाया गया है। सभी केंद्रों पर कुल 204 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।