नोएडा, चंदौली और बिहार के रोहतास से गिरफ्तार नक्सलियों के तार सोनभद्र से भी जुड़ होने का पता चल रहा है। रोहतास के नक्सली सिपाही राम और धर्मवीर से पूछताछ करने के बाद गुरुवार की रात मांची और रायपुर थाना क्षेत्र के कई गांवों में एटीएस वाराणसी की स्पेशल टीम ने छापेमारी की। हालांकि छापेमारी में एटीएस को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस पूर्व में नक्सली रहे लोगों के परिवार वालों और उनके संबंधितों पर पैनी नजर रख रही है। बार्डर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
सूत्रों की मानें तो पकड़े गए बिहार के रोहतास जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र के बुढ़ई गांव निवासी नक्सली सिपाही राम और इसी जिले के मुरही गांव के धर्मवीर यादव ने पूछताछ के दौरान एटीएस को जानकारी दी है कि सोनभद्र जिले के कुछ लोग भी उनकेे संपर्क में है। जिन लोगों से उनका संबंध है वे लोग कुछ वर्ष पूर्व नक्सलियों को पनाह देते थे। जरूरत पड़ने पर आर्थिक मदद करते थे। नक्सलियों की निशानदेही पर एटीएस की स्पेशल टीम ने मांची और रायपुर थाना क्षेत्र के कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन कोई व्यक्ति मिला नहीं है। टीम में एक दारोगा और चार सिपाही थे। उधर, एसपी लल्लन सिंह का कहना है कि एटीएस के टीम ने जिले की पुलिस से सहयोग नहीं मांगा था। लेकिन नोएडा और चंदौली से नक्सलियों के गिरफ्तार होने के बाद नक्सल इलाकों में चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात की गई हैै। नक्सल इलाकों में सीआरपीएफ, पीएसी और थानों की फोर्स कांबिंग कर रही है। इसकी मानीटरिंग नक्सल एएसपी डॉ. अवधेश सिंह कर रहे हैै। छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और एमपी बार्डर पर तैनात फोर्स को तत्काल संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया हैै।