सोनभद्र। जिले में लॉक डाउन के दूसरे चरण में चार राज्यों बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश व झारखंड की सीमाएं पूरी तरह से सील कर दी गई हैं। पड़ोसी जिलों चंदौली और मिर्जापुर बार्डर पर भी सघन जांच की जा रही है। बगैर किसी काम के घरों से बाहर निकलने वालों पर पुलिस कड़ी निगाह रख रही है। आईजी पीयूष श्रीवास्तव व एसपी आशीष श्रीवास्तव ने बभनी में मध्य प्रदेश बार्डर पर निरीक्षण किया। डीएम एस. राजलिंगम ने राबर्ट्सगंज व अन्य क्षेत्रों में स्थित क्वारंटीन सेंटरों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति की जानकारी ली। क्वारंटीन सेंटरों में रुके लोगों के सैंपल बुुधवार को जांच के लिए बीएचयू भेजे गए।
लॉकडाउन के दूसरे चरण की घोषणा के बाद जिले में सख्ती और बढ़ा दी गई है। खासकर बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है। सड़क पर बाइक से निकल रहे लोगों को रोक कर जगह-जगह पूछताछ की जा रही है। पुलिस लोगों को कार्रवाई की हिदायत भी दे रही है। प्रशासनिक अफसर भी विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही क्वारंटीन सेंटरों का हाल जान रहे हैं।
बुधवार को डीएम एस. राजलिंगम ने बढ़ौली चौराहा, मेन चौक, धर्मशाला चौराहा आदि का भ्रमण करने के बाद क्वारंटीन सेंटरों का जायजा लिया। वहां खानपान समेत अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी लेकर संबंधितों को दिशानिर्देश दिए। जिला अस्पताल के क्वारंटीन सेंटर प्रभारी डॉ. केके सिंह ने बताया ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी, जुकाम, बुखार से पीड़ित लोगों के भी सैंपल लेकर जांच के लिए बीएचयू भेजे जा रहे हैं। बुधवार को 14 लोगों के सैंपल जांच के लिए बीएचयू भेजा गया है।
उधर, शाहगंज में राजगढ़-शाहगंज मार्ग को सील कर सघन जांच की गई। बुधवार को ही आईजी विंध्याचल मंडल पीयूष श्रीवास्तव, डीएम एस. राजलिंगम और एसपी आशीष श्रीवास्तव ने सिरसोती गांव में मध्य प्रदेश बार्डर का जायजा लिया। यहां एसडीएम दुद्धी सुशील यादव, सीओ दुद्धी संजय वर्मा, स्टेटिक मजिस्ट्रेट अनिल मिश्रा, एसएचओ श्याम बहादुर यादव मौजूद रहे। आसनडीह प्रतिनिधि के अनुसार आईजी, एसपी ने छत्तीसगढ़ सीमा पर आसनडीह गांव का निरीक्षण किया। यहां एसपी के अलावा सीओ संजय वर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा मौजूद रहे।