सोनभद्र। जिला मुख्यालय की यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर पालिका के ईओ विजय कुमार यादव और यातायात निरीक्षक अविनाश सिंह ने बृहस्पतिवार को विभिन्न रूटों के वाहन स्टैंड स्थलों का निरीक्षण किया। तय किया गया कि अब प्राइवेट बसें और ऑटो निर्धारित स्थानों से ही सवारियां भरेंगे, जिससे बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके।
निरीक्षण के दौरान घोरावल, पन्नूगंज, मधुपुर, करमा, ओबरा, अनपरा और दुद्धी रूट पर चलने वाले वाहनों के लिए स्थान चिह्नित किए गए। ईओ विजय कुमार यादव ने बताया कि जिन स्थानों पर अतिक्रमण है, उसे हटाकर स्टैंड बनाया जाएगा। यह कार्य शुक्रवार से ही आरंभ हो जाएगा। यातायात निरीक्षक अविनाश सिंह ने बताया कि घोरावल, मधुपुर और करमा रूट की बसों के लिए धर्मशाला स्थित फ्लाईओवर के नीचे स्टैंड तय किया गया है। वहीं, खड़िया, ओबरा और अनपरा रूट की बसों के लिए नवीन मंडी के समीप फ्लाईओवर के नीचे स्थान निर्धारित किया गया है। ऑटो स्टैंड के लिए भी बैरिकेडिंग कराकर अलग से जगह तय किया जाएगा। उन्होंने बस व ऑटो चालकाें को निर्धारित स्थल से ही सवारी भरने की हिदायत दी।