सोनभद्र। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन हुआ। इसमें सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 3170 लाभार्थियों को 174.10 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत करते हुए प्रमाण पत्र दिया गया। सर्वाधिक 71.69 करोड़ रुपये एमएसएमई के हैं। इसके अलावा 53.09 रुपये का रिटेल ऋण, 39.08 करोड़ कृषि ऋण, 5.30 करोड़ रुपये मुद्रा योजना के तहत स्वीकृत हुए हैं।
कार्यक्रम में डीएम चंद्र विजय सिंह ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी दी। बैंकाें के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं से संबंधित ऋण की पत्रावलियों का निस्तारण विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए ससमय सुनिश्चित करें।
पत्रावलियों को शाखा स्तर पर अधिक दिनों तक लंबित न रखा जाय। अगर उसे निरस्त किया जा रहा है तो उचित कारण अवश्य दर्शाएं। जिला प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पिछड़े क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधा बढ़ाने के लिए बैंक लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने प्रतिभागी बैंकों से खाता खोलने, डिजिटाइजेशन, सरकारी योजनाओं की पत्रावलियों पर विशेष जोर देने एवं ऋण प्रदान करने की अपील की। इस मौके पर उप कृषि निदेशक डीके गुप्ता, परियोजना अधिकारी डूडा राजेश उपाध्याय, उपायुक्त उद्योग, एडीआईओ विनय कुमार सिंह, एनआरएलएम के डीएमएम एमजी रवि आदि मौजूद रहे।