विंढमगंज थाना क्षेत्र के घिवही रेलवे क्रॉसिंग के समीप बुधवार को घेराबंदी कर पुलिस ने अवैध तरीके से बिहार ले जाई जा शराब दो पिकअप से बरामद किया। पिकअप में अलग से चेंबर बनाकर 5100 पाउच शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के छह तस्करों को भी गिरफ्तार किया। उनके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
बृहस्पतिवार को पुलिस लाइंस चुर्क में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने शराब तस्करी के खेल का पर्दाफाश करते हुए बताया कि कई दिनों से तस्करी की मिल रही सूचना पर एएसपी विजय शंकर मिश्र व सीओ आशीष मिश्र के पर्यवेक्षण में क्राइम ब्रांच, थाना विंढमगंज, दुद्धी कोतवाली की संयुक्त टीम लगाई गई थी। बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर टीम ने घिवही रेलवे क्रॉसिंग के पास से दो पिकअप सवार छह शराब तस्करों को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों वाहनों की तलाशी लेने पर पाया गया कि पिकअप के डाला एवं बॉडी में विशेष रूप से जगह बनाकर उनके अंदर अवैध शराब छिपाई थी।
पकड़े गए तस्करों की पहचान सोनू राय, सचिन राय निवासी सबलपुर नेवल टोला, थाना सोनपुर, जनपद छपरा, बबलू कुमार निवासी अनाईठ छोटी लाइन, थाना नेवादा, जनपद आरा, अजय पासवान निवासी अस्तीपुर, थाना हाजीपुर, जनपद वैशाली, राहुल जायसवाल निवासी म्योरपुर और करकोरी निवासी ध्यानचंद्र यादव यादव के रूप में हुई।
एसपी ने बताया कि तस्कर कौशल कुमार निवासी रेणुकूट और अनुग्रह नरायण सिंह निवासी खड़िया, थाना शक्तिनगर की तलाश जारी है। सोनू के खिलाफ बिहार में भी मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पिकअप को सीज कर दिया गया। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए दस हजार नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की।
तस्करों को पकड़ने में दुद्धी कोतवाल श्रीकांत राय, विंढमगंज एसओ मनोज ठाकुर, दरोगा विजय प्रताप सिंह, नरेंद्र प्रसाद, तेजबहादुर राय, हेड कांस्टेबल अजीत राय, सूर्या सिंह, सौरभ जायसवाल, अजय कुमार, विनय कुमार, पंकज कुमार, संजय यादव, विवेक सिंह, मनीष यादव का अहम योगदान रहा।