श्ाराब की दूकान की जांच करती पुलिस
थाना क्षेत्र के काशी मोड़ पर प्रतिबंध के बावजूद रीवा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर शराब बिकती मिली तो भाजपाजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। खबर मिलने पर पुलिस पहुंची तो सेल्समैन भाग खड़ा हुआ। मौके पर मिली शराब की बोतलों को कब्जे में लेने के साथ ही पुलिस ने दुकान के सामने ढाबे में शराब पिलाए जाने की शिकायत पर वहां के एक कर्मी को हिरासत में ले लिया।
एक अप्रैल से हाइवे से पांच सौ मीटर के दायरे में शराब की बिक्री पर रोक लगा दी है। अभी कई दुकान शिफ्ट नहीं हो पाई और शराब हाइवे की दुकानों में ही पड़ी हुई है। नियमानुसार इसका स्टाक मिलान कराकर नई जगह दुकान खुलने के समय मिलान का प्रावधान होना चाहिए, लेकिन ऐसा हो नहीं रहा। सेल्समैन चोरी छिपे इन दुकानों से शराब बेच रहे हैं।
रविवार को काशी मोड़ स्थित दुकान पर जब यह शिकायत मिली तो भाजपा नेता आकाश पांडेय, मनीष श्रीवास्तव, कुुंदन सिह, सुमित तिवारी आदि मौके पर पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। तब तक कई और लोग पहुंच गए और इसको लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
जैसे ही इसकी खबर एसओ राकेश राय को मिली वह हमराहियों के साथ भागते हुए मौके पर पहुंच गए और शराब को कब्जे में लेने के साथ ही लोगों से पूछताछ के आधार पर सामने स्थित एक ढाबा कर्मी को हिरासत में ले लिया।
उधर, ममुआर के नाम आवंटित दुकान को लंबे समय तक डिबुलगंज में संचालित करने और अभी भी दुकान खाली न किए जाने को लेकर लोगों ने एतराज जताया। आबकारी निरीक्षक संजय उपाध्याय का कहना था कि जल्द ही दुकान शिफ्ट करा दी जाएगी। चोरी-छिपे बिक्री के शिकायत की जांच कर कार्रवाई होगी।