बैंक की शाखा में खाताधारकों की लगी भीड़।
रविवार को बंदी के बाद सोमवार को बैंकों पर रुपये निकासी के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। एटीएम पर भी लोगों की कतार लगी रही। लेकिन सर्वर डाउन होने से घंटों बैंकों का लिंक फेल रहा। इससे करीब एक बजे तक लेनदेन पूरी तरह से ठप रहा। इस वजह से लोगों को घंटों लाइन में खड़ा होना पड़ा। एक बजे के बाद लिंक चालू होने के बाद रुपये की निकासी समेत अन्य कार्य हो सके।
करेंसी आने की सूचना पर लोग बैंकों पर सुबह नौ बजे ही पहुंच गए। लेकिन बैंक खुलने पर उन्हें निराशा हाथ लगी। पता चला कि सर्वर डाउन होने से बैंकों का लिंक फेल है। सुबह 11 बजे तक राबर्ट्सगंज में स्थित भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
वहीं एटीएम के बाहर भी लोग कतार में खड़े रहे। बैंककर्मी लोगों को सर्वर सही होते ही रुपये देने की बात कह कर उन्हें ढांढस बांधते रहे। दोपहर करीब एक बजे लिंक चालू होने के बाद बैंक और एटीएम से रुपये निकलने लगे। तब जाकर लोगों को कुछ राहत मिली।
मधुपुर, शाहगंज, रामगढ़, खलियारी, सलखन, चोपन, कोन, विंढमगंज संवाददाता के अनुसार रविवार को बैंक बंद होने की वजह से सोमवार को क्षेत्र के बैंकों में लोगों की भीड़ रही। बैंकों में रुपये होने के बावजूद अधिसंख्य एटीएम शोपीस बने रहे। लीड बैंक मैनेजर करुणेश कुलश्रेष्ठ ने बताया कि बैंकों में जरूरत के अनुसार करेंसी पहुंच गई है। संबंधित शाखा प्रबंधकों को सभी एटीएम में रुपये डाल कर शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।