ओबरा की 10वीं इकाई का हुआ टेस्ट लाइटअप
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के प्रबंध निदेशक इं. एपी मिश्रा एवं लखनऊ से आए वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में बहुप्रतीक्षित ब ताप विद्युत गृह की दो सौ मेगावाट क्षमता की चार वर्ष से अनुरक्षणरत 10वीं इकाई का रविवार को टेस्ट लाइटअप किया गया। इसके बाद विशिष्ट अतिथि गृह पहुंचे एमडी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि टेस्ट लाइटअप पूरी तरह से सफल रहा।
यूनिट के संबंध में कार्य योजना तैयार कर ली गई है। 28 मार्च को इस इकाई को सिंक्रोनाइज कर ली जाएगी। फिर 30 अप्रैल को पूरी क्षमता से चलाई जाएगी। मई के पहले सप्ताह में इस इकाई को पूरी तरह से कामर्शियल लोड पर ले लिया जाएगा। दो सौ मेगावाट क्षमता की 11वीं यूनिट के संबंध में उन्होंने बताया कि इस यूनिट को 31 जुलाई तक सिंक्रोनाइज एवं 31 अगस्त तक कामर्शियल लोड पर ले लिया जाएगा।
बताया कि इस यूनिट के कार्य योजना की देखरेख के लिए हर 15 दिनों पर एक बैठक आहूत की जाएगी, जिसमें या तो वह स्वयं मौजूद रहेंगे अन्यथा की स्थिति में लखनऊ से किसी न किसी अधिकारी को भेजा जाएगा। ओबरा सी के संबंध में उन्होंने बताया कि आगामी 31 मार्च को दिल्ली में पर्यावरण एनओसी के संबंध में बैठक बुलाई गई है, जिसमें अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने की पूरी संभावना है।
इस मौके पर तकनीकी निदेशक मुरलीधर भाग चंदानी, निदेशक कार्मिक बीएस तिवारी, ओबरा तापीय परियोजना के सीजीएम इं. संजय तिवारी, महाप्रबंधक प्रशासन इं. एचपी सिंह, महाप्रबंधक ब डीके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता आरके सिंह, एमके सचान, अजय कटियार, अदालत वर्मा, संजय महतो, अनुराग मिश्रा आदि मौजूद रहे।