पुरानी रंजिश में बलवा से वार कर वृद्ध अर्जुन (60) की हत्या करने वाले छोटे भाई छोटेलाल को अदालत ने सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। उस पर दस हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। सवा दो साल पुराना यह मामला ओबरा थाना क्षेत्र का है। शुक्रवार को सुनवाई के दौरान अदालत ने घटना को गंभीर मानते हुए दोषी को सजा सुनाई। ओबरा के फफराकुंड निवासी अर्जुन की 20 अक्तूबर 2023 की रात सोते समय बलवा (धारदार हथियार) से सिर, गर्दन और चेहरे पर वार कर हत्या कर दी। अर्जुन घर के आंगन में सो रहे थे, जबकि पत्नी फूलवंती दूसरे हिस्से में बरामदे में सो रही थीं।
पति की चीख सुनकर नींद खुली तो देवर छोटेलाल भागते दिखा। फूलवंती की तहरीर पर पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सुनवाई के दौरान गवाहों के बयान और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद सिविल जज की अदालत ने छोटेलाल को दोषी करार देते हुए सश्रम आजीवन कारावास की सजा सुनाई। उस पर दस हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अर्थदंड न देने पर तीन माह की अतिरिक्त कैद होगी।